- मुख्य /
- समाचार /
- राजनीतिक जगत
राहुल गांधी से मुलाकात के बाद उमेश पटेल की दावेदारी चर्चा में, कांग्रेस अध्यक्ष पद पर सस्पेंस बरकरार
रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। दीपक बैज का प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में कार्यकाल पूरा होने के बाद अब पार्टी के अगले मुखिया को लेकर कई वरिष्ठ नेताओं के नाम चर्चा में हैं। इनमें उमेश पटेल प्रमुख दावेदारों के रूप में बताए जा रहे हैं।
दीपक बैज का कार्यकाल 12 जुलाई को पूरा होने के बाद से संगठन में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों ने जोर पकड़ लिया है। हालांकि कांग्रेस हाईकमान की ओर से अभी तक किसी नाम पर औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।
राहुल गांधी और उमेश पटेल की मुलाकात से बढ़ी चर्चा
जिला अध्यक्षों की ट्रेनिंग के सिलसिले में रायपुर पहुंचे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की विधायक उमेश पटेल से करीब 15 मिनट की एकांत बातचीत ने राजनीतिक चर्चाओं को और हवा दे दी है।
हालांकि दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत का विषय सार्वजनिक नहीं किया गया, लेकिन इस मुलाकात के बाद यह अटकलें तेज हो गई हैं कि कांग्रेस हाईकमान नए प्रदेश अध्यक्ष के लिए उमेश पटेल के नाम पर भी विचार कर सकता है।
ओबीसी और युवा चेहरे पर दांव लगा सकती है कांग्रेस?
उमेश पटेल पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नंदकुमार पटेल के बेटे हैं और छत्तीसगढ़ की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। यदि पार्टी हाईकमान संगठन की कमान किसी युवा और ओबीसी चेहरे को सौंपने का फैसला करता है, तो उमेश पटेल की दावेदारी मजबूत मानी जा सकती है।
कांग्रेस में आमतौर पर प्रदेश अध्यक्ष का कार्यकाल तीन वर्ष का माना जाता है, लेकिन विशेष परिस्थितियों में हाईकमान कार्यकाल बढ़ाने या नेतृत्व परिवर्तन का फैसला करता है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल प्रदेश अध्यक्ष के रूप में करीब पांच वर्षों तक जिम्मेदारी संभाल चुके हैं और उनके नेतृत्व में कांग्रेस ने राज्य में सत्ता भी हासिल की थी।
अंतिम फैसला हाईकमान के हाथ
फिलहाल नए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर सभी नाम राजनीतिक चर्चाओं और अटकलों तक सीमित हैं। पार्टी की ओर से किसी भी दावेदार के नाम पर आधिकारिक मुहर नहीं लगी है।
अब सभी की निगाहें कांग्रेस हाईकमान पर टिकी हैं। आने वाले दिनों में यह साफ होने की उम्मीद है कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस की कमान किसी वरिष्ठ नेता को मिलेगी या पार्टी संगठन में युवा और ओबीसी चेहरे पर दांव लगाएगी।
![]()
