कशिश पटेल हत्याकांड: परिजनों का फूटा गुस्सा ,कॉलेज प्रशासन पर शिकायत की अनदेखी का आरोप ,आरोपी की फांसी की सजा की मांग उठाई

Online Source

पीलीभीत के जिला अस्पताल में पैरामेडिकल छात्रा कशिश पटेल की हत्या के बाद उनके परिजनों में गम और गुस्सा है। परिजनों ने आरोपी को फांसी की सजा दिलाने की मांग की है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाया है।

कशिश पटेल की फाइल फोटो

पीलीभीत। जिला अस्पताल परिसर में पैरामेडिकल छात्रा कशिश पटेल की चाकू मारकर हत्या के मामले में बुधवार को परिजनों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर न्याय की मांग की। परिजनों ने जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव से मुलाकात कर मामले की त्वरित एवं निष्पक्ष जांच कराने, मुकदमे को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने और दोषी को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की।

बरेली के भुता थाना क्षेत्र के गांव केसरपुर निवासी विकास पटेल ने बताया कि कशिश उनकी भतीजी थी। बेहतर भविष्य की उम्मीद के साथ उसका दाखिला पीलीभीत मेडिकल कॉलेज के पैरामेडिकल कोर्स में कराया गया था। परिजनों के अनुसार कशिश पढ़ाई में मेहनती और होनहार छात्रा थी।

आरोपी पर लंबे समय से परेशान करने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि सागर सिंह काफी समय से कशिश को परेशान कर रहा था। उसकी कथित हरकतों से तंग आकर कशिश ने कॉलेज की प्राचार्य को लिखित शिकायत भी दी थी, लेकिन शिकायत पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

परिजनों का कहना है कि शिकायत को गंभीरता से लेकर तत्काल कदम उठाए जाते तो आरोपी के हौसले नहीं बढ़ते और शायद यह घटना रोकी जा सकती थी। उन्होंने कॉलेज प्रशासन की भूमिका की जांच कराने की भी मांग की है।

UP में दिल दहला देने वाली घटना, ड्यूटी के दौरान पैरामेडिकल छात्रा कशिश पटेल की चाकू मारकर हत्या

जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग

विकास पटेल ने बताया कि कशिश के माता-पिता, मौसा और अन्य रिश्तेदारों के साथ उन्होंने डीएम और एसपी से मुलाकात की। कलक्ट्रेट पहुंचे परिजनों ने कॉलेज प्रशासन की भूमिका की भी जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने मांग रखी कि हत्या के मामले की विवेचना जल्द पूरी की जाए और मुकदमा फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाए।

परिजनों ने यह भी कहा कि शिक्षण संस्थानों की जिम्मेदारी है कि छात्राओं की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए। यदि इस मामले में किसी स्तर पर लापरवाही हुई है तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए।

अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच का दिया भरोसा

डीएम और एसपी ने परिजनों को आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।