पटेल समाज की बैठक में एकजुटता और संगठन विस्तार पर जोर

Admin

समाज के उत्थान के लिए युवाओं को आगे लाने और जागरूकता बढ़ाने पर हुई चर्चा

बिहारशरीफ/इस्लामपुर। इस्लामपुर शहर के नेताजी सुभाष हाई स्कूल परिसर में रविवार को पटेल समाज की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न प्रखंडों से समाज के लोगों ने भाग लिया। इस दौरान सामाजिक संगठन को मजबूत करने, समाज के विकास और नई पीढ़ी को अधिक सक्रिय भूमिका देने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए स्नातक अधिकार मंच के दिलीप कुमार ने कहा कि पटेल समाज के उत्थान के लिए एकजुटता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि समाज और सामाजिक संगठन को मजबूत करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने बताया कि स्नातक अधिकार मंच समाज के लोगों को जागरूक और एकजुट करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। समाज को नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से युवाओं को आगे बढ़ने और नेतृत्व करने का अवसर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्नातक युवा अपने मताधिकार का सही उपयोग कर समाज को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

सामाजिक हित को प्राथमिकता देने की अपील

पूर्व मुखिया भरत प्रसाद सिंह ने कहा कि अक्सर लोग केवल राजनीतिक दलों के स्तर पर सोचते हैं, जबकि समाज के सामूहिक हित और संगठन की मजबूती पर भी ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने समाज के लोगों से एकजुट होकर शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विकास के मुद्दों पर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

प्रो. विनोद प्रसाद ने कहा कि पहले स्नातक निर्वाचन से जुड़ी जानकारी बहुत कम लोगों तक पहुंच पाती थी, लेकिन अब स्नातक अधिकार मंच के माध्यम से लोगों को चुनाव, मतदाता बनने की प्रक्रिया और मतदान के महत्व के बारे में जागरूक किया जा रहा है।

बैठक में समाज को संगठित करने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने पर भी चर्चा हुई।

इस अवसर पर राजहव कुमार, सर्वेश कुमार, प्रशांत कुमार, अनुज कुमार, प्रिंस कुमार, पिंटू कुमार, मुटू कुमार सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।