उन्नाव की बेटी अंजली पटेल बनीं सब इंस्पेक्टर, सिपाही से SI तक का सफर बना प्रेरणादायक

Admin

किसान परिवार की बेटी ने मेहनत और लगन से हासिल की सफलता, वर्तमान में गोरखपुर के गुलरिहा थाने में हैं तैनात

उन्नाव। जिले के बीघापुर क्षेत्र की बेटी अंजली पटेल ने सब इंस्पेक्टर के पद पर चयनित होकर अपने परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अंजली बीघापुर ब्लॉक के ग्राम मवइया, पोस्ट रुझेई की निवासी हैं और वर्तमान में गोरखपुर के थाना गुलरिहा में तैनात हैं।

अंजली पटेल ने अपने पुलिस सेवा के सफर की शुरुआत सिपाही के पद से की थी। नौकरी के साथ लगातार मेहनत और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हुए उन्होंने सब इंस्पेक्टर का पद हासिल किया। उनकी यह सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

अंजली के पिता राकेश कुमार किसान हैं, जबकि उनकी मां निर्मला देवी गृहिणी हैं। तीन बहनों में सबसे छोटी अंजली ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी बड़ी बहन प्रीति पटेल बीघापुर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सारुखेड़ा में सहायक शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं।

अंजली की सफलता में उनकी बड़ी बहन प्रीति पटेल का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। कठिन परिस्थितियों में स्वयं को स्थापित करने के बाद प्रीति ने अंजली को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए लगातार प्रेरित और प्रोत्साहित किया।

अंजली पटेल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा मां सरस्वती पब्लिक स्कूल, दुन्दपुर मवइया से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने श्री रामनाथ इंटर कॉलेज, रुझेई से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की।

अंजली की सफलता पर क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों, परिचितों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

अंजली की उपलब्धि पर ये पंक्तियां पूरी तरह चरितार्थ होती हैं

अभावों की जमीं पर उसने हौसलों का आसमान लिख दिया,
अपनी मेहनत से बिटिया ने एक नया इतिहास लिख दिया।
कल तक जो सिपाही बन देश की सेवा में डटी थी,
आज कंधे पर सितारे सजाकर उसने अपना मुकाम लिख दिया।