पॉलीटेक्निक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, सुसाइड नोट बरामद

Online Source

आप लोग परेशान होना, मेरी शादी की चिंता कीजिएगा....मैं अपने आप को खत्म करने जा रही हूं। एक पन्ने के सुसाइड नोट में यह चंद लाइनें लिखकर पाॅलिटेक्टिन छात्रा पूर्वा सचान (19) ने मंगलवार देर रात गीता नगर स्थित शुभी गर्ल्स हॉस्टल के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी।

घाटमपुर स्थित जवाहर नगर पूर्वी निवासी राम सिंहासन सचान ट्रांसपोर्टर है, परिवार में पत्नी रीना व दो बेटी आशी सचान व पूर्वा सचान (19) थी। पिता राम सिंहासन ने बताया कि बड़ी बेटी आशी बीएससी की पढ़ाई करने के साथ–साथ एक प्राइवेट कॉलेज में पढ़ाने जाती है, जबकि बेटी पूर्वा पॉलीटेक्निक की छात्रा थी।

वह दो साल से रोजाना गांव से कानपुर पढ़ाई करने के लिए आती थी, जिस पर उन्होंने शहर में ही रहकर पढ़ाई करने की बात कही थी। जिसके बाद पूर्वा 15 दिन पहले काकादेव स्थित शुभी हॉस्टल में रहने आई थी।

हॉस्टल संचालिका ने फंदे से लटकते देखा शव

हॉस्टल मालिक ने पुलिस को बताया कि वह दूसरी मंजिल में रहती थी। देर शाम से उसके कमरे से मोबाइल की बार-बार रिंग बज रही थी। इस पर अगल-बगल रहने वाले अन्य बच्चों ने खिड़की से झांककर देखा, तो उसका शव पंखे के सहारे फंदे से लटका मिला।

सुबह 7 बजे मां से आखिरी बार हुई थी बात

मां रीना ने बताया कि सुबह 7 बजे बेटी से फोन कर बात हुई थी, जिस पर उन्होंने कहा जल्दी उठकर खाना बनाने की बात कही थी। पूर्वा ने बड़ी बहन के बारे में पूछा तो उन्होंने उसके कॉलेज जाने की जानकारी दी थी। उन्होंने बताया कि शाम करीब 9 बजे दो बार बेटी को फोन मिलाया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। जिस पर उन्होंने सोचा कि बेटी थककर सो गई होगी।

दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा

सूचना पर पहुंचे एडीसीपी सेंट्रल डॉ. अर्चना सिंह, काकादेव इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार राम ने फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंचकर जांच की। पुलिस ने वीडियोग्राफी के बीच दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और परिजन को सूचना दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।