किसान के 6 बीघा पपीते के बाग पर हमला, 3500 पौधे काटकर नष्ट; 10 लाख का नुकसान

Admin

20 जुलाई तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो चक्काजाम की चेतावनी, किसानों और पाटीदार समाज ने कलेक्टर-एसपी को सौंपा ज्ञापन

झालावाड़ मिश्रौली थाना क्षेत्र के गुराडिया जोगा गांव में किसान आयुष पाटीदार के करीब 6 बीघा खेत में लगी अमीना किस्म की पपीते की फसल को अज्ञात असामाजिक तत्वों ने काटकर नष्ट कर दिया। घटना 15 जुलाई की रात की बताई जा रही है। किसान के अनुसार, इस बाग में करीब 10 लाख रुपये का निवेश किया गया था और पौधों में फल आना शुरू हो चुके थे।

घटना के बाद क्षेत्र के किसानों और पाटीदार समाज में भारी आक्रोश है। गुरुवार को किसानों और समाज के प्रतिनिधियों ने कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन सौंपकर फसल का राजस्व सर्वे कराने, पीड़ित किसान को उचित मुआवजा दिलाने तथा आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि 20 जुलाई तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो गुराडिया जोगा में चक्काजाम किया जाएगा।

मार्च में लगाए थे 3500 पपीते के पौधे

पीड़ित किसान आयुष पाटीदार ने बताया कि उसने मार्च महीने में नर्सरी से 45 दिन पुराने अमीना किस्म के करीब 3500 पपीते के पौधे लाकर 6 बीघा खेत में लगाए थे।

किसान के अनुसार, ड्रिप सिंचाई, खाद, दवाइयों और पौधों की देखरेख पर अब तक लगभग 10 लाख रुपये खर्च किए जा चुके थे। फसल अच्छी स्थिति में थी और फल आना भी शुरू हो गया था, जिससे उसे लाखों रुपये की आमदनी की उम्मीद थी।

सुबह खेत पहुंचा रखवाला तो कटे मिले सभी पौधे

खेत की देखरेख के लिए सुजान मेघवाल को रखा गया था। बुधवार सुबह जब वह खेत पहुंचा तो बड़ी संख्या में पपीते के पौधे धारदार हथियार से कटे हुए मिले। इसकी जानकारी मिलने के बाद किसान और ग्रामीण मौके पर पहुंचे।

किसान का आरोप है कि अज्ञात लोगों ने जानबूझकर उसकी मेहनत और फसल को नुकसान पहुंचाया है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

पीड़ित किसान की शिकायत पर मिश्रौली थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

ज्ञापन सौंपने वालों में राजस्थान पाटीदार समाज के संरक्षक विष्णुप्रसाद पाटीदार, धीरज पाटीदार, गिरिराज पाटीदार, श्याम पाटीदार, कमल पाटीदार, रामस्वरूप पाटीदार, जीतू पाटीदार, कालूराम पाटीदार, दुर्गालाल पाटीदार, बालचंद पाटीदार, रमेश, संजय सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।