वाराणसी की बेटी अंकिता पटेल का IIT भिलाई में चयन, प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त कर चुकी हैं

Admin

यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा में प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त कर चुकी हैं अंकिता, विद्यालय परिवार ने किया सम्मानित

वाराणसी। जिले के बड़ागांव ब्लॉक अंतर्गत फत्तूपुर (कठिरांव) गांव की मेधावी छात्रा अंकिता पटेल ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, भिलाई में चयनित होकर अपने परिवार, विद्यालय और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से गांव और आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

अंकिता पटेल, फत्तूपुर निवासी मंगला प्रसाद पटेल की पुत्री हैं। जेईई परीक्षा में सफलता प्राप्त करने के बाद उन्होंने आईआईटी भिलाई में अपनी सीट सुनिश्चित की है। ग्रामीण परिवेश और सीमित संसाधनों के बीच हासिल की गई उनकी यह सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक मानी जा रही है।

आईआईटी में चयन के बाद बुधवार को अंकिता अपने विद्यालय पहुंचीं। यहां विद्यालय परिवार की ओर से उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। प्रधानाचार्य , उप-प्रधानाचार्य सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने अंकिता और उनके पिता को सम्मानित किया।

हाईस्कूल में प्रदेश में हासिल किया था तीसरा स्थान

अंकिता शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं। उन्होंने हाईस्कूल की परीक्षा में पूरे उत्तर प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल कर क्षेत्र को गौरवान्वित किया था। इसके बाद इंटरमीडिएट की परीक्षा भी अच्छे अंकों से उत्तीर्ण की। निरंतर अध्ययन, अनुशासन और कठिन परिश्रम के बल पर उन्होंने देश की प्रतिष्ठित जेईई परीक्षा में सफलता प्राप्त की।

अंकिता ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के आशीर्वाद, शिक्षकों के मार्गदर्शन और नियमित मेहनत को दिया। उन्होंने कहा कि स्पष्ट लक्ष्य, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास के साथ किसी भी कठिन परीक्षा में सफलता प्राप्त की जा सकती है।

विद्यालय के शिक्षकों ने अंकिता की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य छात्र-छात्राओं को भी उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित करेगी।

ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर आईआईटी तक पहुंची अंकिता पटेल की यह उपलब्धि साबित करती है कि परिस्थितियां चाहे जितनी कठिन हों, मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से बड़े से बड़ा लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।