इंटरनेट मीडिया से हुई पहचान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

Online Source

प्रयागराज। करछना थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह रेलवे पटरी के किनारे मिले अज्ञात शव की पहचान कर ली गई है। मृतक की पहचान करछना क्षेत्र के डांडो गांव निवासी 60 वर्षीय किसान रोहित लाल पटेल के रूप में हुई है।

रोहित लाल पटेल का शव भरहा गांव के सामने करछना नहर के पास रेलवे पटरी के किनारे मिला था। शव की तस्वीर और सूचना इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद परिजनों ने उनकी पहचान की।

परिजनों के अनुसार रोहित लाल पटेल सोमवार सुबह करीब सात बजे घर से निकले थे। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटे तो परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। बाद में रेलवे पटरी के किनारे शव मिलने की जानकारी सामने आई।

रोहित लाल पटेल खेती-किसानी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में उनकी पत्नी रामरती, तीन बेटे और तीन बेटियां हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

करछना थाना प्रभारी रण विजय सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के वास्तविक कारणों की जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।