ट्रेन की चपेट में आने से मौत, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

Admin

मड़ियाहूं (जौनपुर)। मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के परऊपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास रविवार रात ट्रेन की चपेट में आने से 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना मड़ियाहूं-जफराबाद रेलखंड पर किलोमीटर संख्या 36/10 के पास हुई। बताया जा रहा है कि युवक गाजीपुर-बांद्रा ट्रेन की चपेट में आ गया था।

मृतक की पहचान परऊपुर गांव निवासी संजय पटेल पुत्र रामजी के रूप में हुई है। स्टेशन अधीक्षक की सूचना पर मड़ियाहूं पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की।

प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

संजय पटेल मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री हैं। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद जौनपुर के रामघाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।

घटना के बाद से परिवार में शोक का माहौल है। संजय की मौत से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।