आपत्तिजनक ऑडियो के विरोध में कुर्मी समाज ने निकाली ट्रैक्टर रैली, गिरफ्तारी की मांग
मैहर। जिले के रामनगर में रविवार को मध्यप्रदेश कुर्मी क्षत्रिय समाज ने सोशल मीडिया पर प्रसारित एक कथित आपत्तिजनक ऑडियो के विरोध में ट्रैक्टर रैली निकाली। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए रामनगर नगर परिषद अध्यक्ष दीपा मिश्रा और उनके पति दीपू उर्फ कैलाश मिश्रा के खिलाफ दर्ज मामले में गंभीर धाराएं बढ़ाने तथा शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।

समाज के जिला अध्यक्ष रामसुशील पटेल ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर साझा किए जा रहे ऑडियो में कुर्मी समाज के खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है, जिससे समाज के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा दर्ज प्रकरण में पर्याप्त धाराएं नहीं लगाई गई हैं और अब तक कोई सख्त कार्रवाई भी नहीं हुई है।

पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन
कुर्मी समाज के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक के नाम सीएसपी महेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि 12 जून और 24 जून को शिकायतें दिए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। समाज ने मामले की निष्पक्ष जांच, प्रकरण में आवश्यक धाराएं बढ़ाने और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग रखी।

सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ शामिल हुए लोग
रैली में सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। इससे रामनगर में काफी हलचल रही। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीएसपी महेंद्र सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा और ज्ञापन सौंपने के बाद करीब तीन घंटे तक चला प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हो गया।
रैली का नेतृत्व जिला अध्यक्ष रामसुशील पटेल ने किया। प्रदर्शन में सतना जिला अध्यक्ष डॉ. दुर्योधन सिंह, जिला पंचायत सदस्य ज्ञानेंद्र सिंह ‘ज्ञानू भैया’, तारा पटेल सहित समाज के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
कुर्मी समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि वे मामले में निष्पक्ष जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई होने तक अपनी मांग उठाते रहेंगे।
