मैहर सड़क हादसे ने उजाड़े पांच परिवार, तनाजा गांव से एक साथ उठीं चार अर्थियां

Admin

मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर जिले में रिगरा गांव के पास हुए भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। हादसे में पटेल समाज के पांच युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद तनाजा और नरौरा गांवों में मातम पसरा हुआ है। कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले और हर आंख अपनों को खोने के दर्द से नम दिखाई दी।

मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद पांचों युवकों के शव परिजनों को सौंपे गए। इनमें से चार शव तनाजा गांव और एक शव नरौरा गांव ले जाया गया। तनाजा गांव में दो सगे भाइयों सहित चार युवकों की अर्थियां एक साथ उठीं तो पूरा गांव रो पड़ा। चारों चिताएं एक साथ जलती देख वहां उपस्थित लोगों की आंखों से आंसू छलक पड़े।

जन्मदिन समारोह से लौटते समय हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि सभी युवक अमरपाटन के जनपद उपाध्यक्ष मनोज पटेल का जन्मदिन मनाकर एक लग्जरी जीप से घर लौट रहे थे। सोमवार देर रात करीब दो बजे नादन देहात थाना क्षेत्र के रिगरा गांव के पास उनकी जीप आगे चल रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि जीप में सवार पांच युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ओम पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जबलपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अंकुर पटेल को छोटे भाई ने दी मुखाग्नि

हादसे में तनाजा निवासी अंकुर पटेल की भी जान चली गई। उनके पिता स्वर्गीय गोविंद प्रसाद पटेल का पहले ही निधन हो चुका था। अंकुर का अंतिम संस्कार उनके छोटे भाई अंकित पटेल ने किया। अंकुर पूर्व विधायक स्वर्गीय लालजी पटेल के रिश्ते में पोते बताए गए हैं और गांव में खेती-किसानी का कार्य करते थे।

माता-पिता की इकलौती संतान थे संजीव

हादसे में जान गंवाने वाले 23 वर्षीय संजीव कुमार पटेल, पिता स्वर्गीय संजय पटेल, मैहर कोतवाली क्षेत्र के नरौरा गांव के रहने वाले थे। उनका अंतिम संस्कार गृह ग्राम नरौरा में किया गया। संजीव अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे और नौकरी करते थे। उनकी मौत से परिवार का एकमात्र सहारा छिन गया।

दो सगे भाइयों की एक साथ उठीं अर्थियां

तनाजा निवासी नागेंद्र पटेल के दोनों बेटों विजय पटेल और हरिशंकर पटेल की भी हादसे में मौत हो गई। विजय की उम्र 32 वर्ष और हरिशंकर की उम्र 28 वर्ष थी। दोनों पूर्व विधायक स्वर्गीय लालजी पटेल के रिश्ते में भतीजे बताए गए हैं।

विजय जबलपुर में रहकर नौकरी करते थे, जबकि हरिशंकर गांव में खेती-किसानी संभालते थे। दोनों भाइयों को उनके चचेरे भाई अंकित पटेल ने मुखाग्नि दी। एक ही परिवार के दो बेटों की अर्थियां एक साथ उठने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

मृदुल की मौत से बुझा परिवार का इकलौता चिराग

हादसे में तनाजा निवासी 32 वर्षीय मृदुल पटेल, पुत्र महेंद्र पटेल, की भी मौत हो गई। मृदुल अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे और वेयरहाउस का संचालन करते थे। उनका अंतिम संस्कार चचेरे भाई लाला भइया पटेल ने किया। मृदुल की मौत से परिवार का इकलौता चिराग हमेशा के लिए बुझ गया।

ओम पटेल की हालत गंभीर

हादसे में गंभीर रूप से घायल ओम पटेल, पुत्र रावेंद्र पटेल, को पुलिस की सहायता से पहले नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जबलपुर रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि ओम भी अपने माता-पिता की इकलौती संतान हैं और अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।

ट्रक चालक ने पुलिस को बताई घटना

ट्रक चालक चिंतरंजन दास चंदेल ने पुलिस को बताया कि हादसे के समय हल्की बारिश हो रही थी और ट्रक की रफ्तार लगभग 40 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे थी। रात करीब दो बजे अचानक पीछे से तेज टक्कर की आवाज आई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक काफी दूर तक आगे खिसक गया और उसके दो टायर फट गए।

पुलिस ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

घटना की जानकारी मिलने के बाद मैहर के पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह और सीएसपी महेंद्र सिंह चौहान ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने दुर्घटनाग्रस्त जीप और ट्रक का अवलोकन कर थाना प्रभारी से घटना की जानकारी ली।

प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि जीप की रफ्तार अधिक थी और चालक का वाहन से नियंत्रण हटने के कारण वह आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। पुलिस के अनुसार जीप में सवार युवकों ने सीट बेल्ट भी नहीं लगाई थी। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

इस हृदयविदारक घटना से पूरे पटेल समाज और क्षेत्र में शोक की लहर है। समाज के लोगों ने मृत युवकों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि देते हुए घायल ओम पटेल के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।

कुर्मी वर्ल्ड परिवार दिवंगत युवकों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता है और शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है।