वरिष्ठ पत्रकार के विरुद्ध अपमानजनक टिप्पणी पर पटेल समाज में आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी
गोंडा। सरदार पटेल संस्थान, गोंडा में संस्थान के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संस्थान की मुख्य ट्रस्टी कमलेश निरंजन ने की। बैठक में बड़ी संख्या में पटेल समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, अधिवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में संस्थान के उपाध्यक्ष एवं एक वरिष्ठ पत्रकार के विरुद्ध कथित रूप से अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने और उनकी सामाजिक छवि को धूमिल करने के प्रयास पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया। पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति द्वारा विभिन्न जातियों के बीच वैमनस्य और नफरत फैलाने वाली टिप्पणियां भी की गई हैं।
बैठक में उपस्थित लोगों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि समाज में जातीय वैमनस्य, नफरत और किसी भी सम्मानित व्यक्ति के सार्वजनिक अपमान को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संस्थान के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में जल्द उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में प्रशासन को ज्ञापन सौंपने के साथ ही धरना-प्रदर्शन और कैंडल मार्च आयोजित किया जाएगा।
संस्थान के पदाधिकारियों ने कहा कि पूरे मामले में कानूनी सलाह लेकर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई भी की जाएगी। उनका आरोप है कि संबंधित व्यक्ति द्वारा अन्य जातियों एवं सामाजिक वर्गों के लोगों के विरुद्ध भी अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया गया है। इस मुद्दे को लेकर अन्य सामाजिक वर्गों के प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त बैठक कर आगे की रणनीति बनाई जाएगी।
बैठक में मनकापुर बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष चंद्र प्रताप पटेल, जिला पंचायत सदस्य गुरु शरण, जिला पंचायत सदस्य जगदीश पटेल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अभिमन्यु पटेल, बंसराज, अपना दल के राष्ट्रीय सचिव राम प्रगट, क्षेत्रीय अध्यक्ष राकेश वर्मा, सरदार सेना के जिलाध्यक्ष राम प्रकाश वर्मा, बबलू वर्मा, पूर्व प्रधान विनोद कुमार वर्मा, पूर्व प्रधान जगदीश वर्मा, पूर्व प्रधान विश्वनाथ वर्मा, संस्थान के कोषाध्यक्ष चंद्र प्रकाश वर्मा, राम बुझारत, संरक्षक ओमप्रकाश, केदार, मोनू, आनंद कुमार, अधिवक्ता शिवप्रसाद वर्मा, संरक्षक महेंद्र कुमार सिंह, मुख्य ट्रस्टी कमलेश निरंजन और सियाराम वर्मा सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
