- मुख्य /
- समाचार /
- कला-संस्कृति
हुनर से बदली जिंदगी: मूर्ति कला से लाखों की कमाई और दर्जनों को रोजगार

"हुनर अगर जुनून बन जाए तो गांव की गलियों से निकलकर दुनिया तक अपनी पहचान बना सकता है।"
विकास खंड होलागढ़ के जीतपुर दयाल गांव के राजेंद्र कुमार पटेल ने यही कर दिखाया। कभी पढ़ाई बीच में छोड़ दी थी, लेकिन हार नहीं मानी। उन्होंने अपने भीतर छुपे हुनर को पहचानकर मूर्ति बनाने का संकल्प लिया और उसी को अपना जीवन बना लिया।
संघर्ष से शुरुआत
साल 2009 में हाई स्कूल पास करने के बाद राजेंद्र ने मूर्ति निर्माण शुरू किया। शुरुआत में साधन कम थे, अनुभव भी सीमित था, लेकिन लगन और मेहनत ने धीरे-धीरे राह आसान की। परिवार खेती-किसानी से जुड़ा था, पिता लालजी किसान हैं और तीन बहनों के बीच राजेंद्र इकलौते भाई। ऐसे में जिम्मेदारी और भी बड़ी थी। फिलहाल वे बहरिया के बकसेड़ा गांव में किराए के मकान में मूर्तियां बना रहे हैं।
कला बनी रोज़गार
राजेंद्र की कलाकारी आज उन्हें लाखों की आमदनी दिला रही है। यही नहीं, उन्होंने अपने साथ दर्जनभर बेरोजगार युवाओं को भी काम से जोड़ा है। वे उन्हें हर महीने 8 से 10 हजार रुपये मानदेय देते हैं।
मां दुर्गा की प्रतिमाओं से पहचान
इन दिनों राजेंद्र नवरात्र के लिए मां दुर्गा की प्रतिमाएं बना रहे हैं। अब तक उन्होंने 60 बड़ी और 50 छोटी मूर्तियों का ऑर्डर बुक किया है। एक प्रतिमा बनाने में चारा, मिट्टी, बांस और पटिया जैसी सामग्री लगती है। एक मूर्ति की लागत 10 से 14 हजार रुपये तक आती है, जबकि बाजार में उनकी कीमत 3 हजार से 20 हजार रुपये तक होती है।
कठिनाई और सफलता
राजेंद्र बताते हैं कि नवरात्रों से तीन चार माह पहले से इनकी तैयारियां शुरू हो जाती हैं। पहले आसपास गांव के लोग ही मूर्ति लेने आते थे, अब बाहर से भी लोग आ रहे हैं। बताया कि बीते चार साल में कोरोना के चलते उनका व्यापार एकदम बंद हो गया था, दो वर्ष से इसमें तेजी आई है। घास, बांस, मिट्टी तो उन्हें गांव में ही मिल जाता है लेकिन मूर्तियों को बेहतरीन रंग देने के लिए उन्हें रंग दुकान से खरीदना पड़ता है।
प्रेरणा का स्रोत
राजेंद्र की कहानी बताती है कि हुनर और मेहनत से न सिर्फ अपनी जिंदगी बदली जा सकती है बल्कि दूसरों के लिए भी अवसर बनाए जा सकते हैं। मिट्टी से मूर्तियां गढ़ने वाला यह युवा आज कई बेरोजगारों की उम्मीद बन चुका है।
हमें उम्मीद है कि इस कहानी से आप सभी को प्रेरणा मिली होगी या आप अपने किसी अनुभव को हमारे साथ बांटना चाहते हो तो हमें kurmiworld.com@Gmail.com पर लिखे, या नम्बर +91 9918555530 पर संपर्क करे। आप हमें किसी भी प्रेरणात्मक ख़बर का वीडियो नम्बर +91 9918555530 पर भेज सकते हैं।
अगर आपको यह आर्टिकल अच्छा लगा हो, तो इसे अपने दोस्तों के साथ शेयर जरूर करें।