अयोध्या में अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा की राष्ट्रीय कार्यसमिति बैठक, कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित
अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक का शुभारंभ प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने किया। बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। सबसे अहम प्रस्ताव यह रहा कि आगामी जनगणना के दौरान समाज के लोग जाति वाले कॉलम में स्पष्ट रूप से "कुर्मी" लिखें।
बैठक में समाज के युवाओं को रोज़गार से जोड़ने और शासन-प्रशासन में भागीदारी बढ़ाने के लिए गुजरात मॉडल पर सभी राज्यों में सरदार धाम की तर्ज पर आवासीय प्रशिक्षण संस्थान बनाने का निर्णय लिया गया। महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि यह कदम न केवल सही पहचान दर्ज कराने के लिए ज़रूरी है, बल्कि भविष्य में सामाजिक, शैक्षिक और राजनीतिक अधिकारों की लड़ाई को भी मज़बूती देगा।
बैठक में विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने एकरूपता से "कुर्मी" दर्ज कराने पर ज़ोर दिया। उनका कहना था कि इससे समाज की सही जनसंख्या का आँकड़ा सामने आएगा और वास्तविक ताक़त उजागर होगी।
समाज में विशिष्ट योगदान के लिए उत्तर प्रदेश युवा शाखा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अवधेश वर्मा और महाराष्ट्र युवा शाखा के प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद पाटिल को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विजय सिंह निरंजन, केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल, मध्य प्रदेश के मंत्री लखन सिंह पटेल, गुजरात के पूर्व गृह मंत्री गोवर्धन भाई झापडिया, दुर्ग के सांसद विजय बघेल, मध्य प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री राम खिलावन पटेल, सागर की सांसद लता वानखेड़े, राष्ट्रीय महासचिव डॉ. उमेश सिंह, महिला शाखा की राष्ट्रीय अध्यक्ष लता ऋषि चंद्राकर, राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष धीरज पाटीदार, अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनंत तंवर सहित 19 राज्यों के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य मौजूद रहे।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने सोशल मीडिया पर बैठक की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा—
"आज जनपद अयोध्या में आयोजित अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा की बैठक में प्रतिभाग किया तथा अपने परिवार जनों को संबोधित किया।"
वहीं, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने भी अपने संबोधन में कहा—
"मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या में आयोजित अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा की राष्ट्रीय कार्यसमिति बैठक को संबोधित किया।"

हम आपके विचारों और सुझावों का स्वागत करते हैं। हमारे साथ किसी भी तरह से जुड़े रहने के लिए हमें kurmiworld.com@Gmail.com पर लिखे, या +91 9918555530 पर संपर्क करे।
अगर आपको यह आर्टिकल अच्छा लगा हो, तो इसे अपने दोस्तों के साथ शेयर जरूर करें
