शाहजहांपुर। जिले के कटरा थाना क्षेत्र में दो युवकों पर जानलेवा हमला करने और तमंचा दिखाकर नकदी व दो स्मार्टफोन लूटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दबंगों ने बाइक रोककर दोनों युवकों के साथ बेरहमी से मारपीट की। हमले में घायल दोनों युवक किसी तरह अपनी जान बचाकर थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की तहरीर दी।
घटना अमन हॉस्पिटल के सामने स्थित उड़ान लाइब्रेरी के पास की बताई जा रही है। ग्राम कपूर नगला निवासी मोहित गंगवार बाइक से कटरा डीजल लेने गए थे। रास्ते में उन्हें उनके मौसेरे भाई सुधीर कुमार गंगवार मिले, जिन्हें उन्होंने अपनी बाइक पर बैठा लिया।
बताया गया कि जैसे ही दोनों युवक उड़ान लाइब्रेरी के पास पहुंचे, कुछ लोगों ने उनकी बाइक रोक ली। आरोपियों ने मोहित और सुधीर के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने मोहित की कनपटी पर तमंचा रख दिया और उनके पास मौजूद नकदी तथा दो स्मार्टफोन छीन लिए।
गंभीर रूप से घायल हुए दोनों युवक
मारपीट में मोहित गंगवार और सुधीर कुमार गंगवार को गंभीर चोटें आईं। दोनों युवक किसी तरह हमलावरों के चंगुल से निकलकर थाने की ओर भागे। थाने पहुंचकर उन्होंने पुलिस को घटना की पूरी जानकारी दी और आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दी।
सूचना मिलते ही कटरा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पीड़ित पक्ष के अनुसार, हमले में शामिल आरोपी नगरिया, नौगांवा मोहल्ला कटरा, शेरपुर और बतलैया क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। कुछ आरोपियों के नाम रिशु और दीपक बताए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि शिकायत और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
